राजस्व एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी की भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर विधानसभा में की गई टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने राजधानी शिमला में प्रदर्शन किया। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता सुबह करीब 11 बजे सीटीओ चौक पर एकत्र हुए और मंत्री के बयान के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री सुशील कड़सोली ने किया। संगठन ने मंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग उठाई। दरअसल, 18 नवंबर को हिमाचल विधानसभा में स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मंत्री जगत सिंह नेगी ने राफेल विमानों, भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर टिप्पणी की थी। उनके इस बयान पर सदन में विपक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई थी। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित भाजपा विधायकों ने मंत्री से बिना शर्त माफी मांगने और उन्हें मंत्रिमंडल से हटाने की मांग उठाई थी। इस दौरान विवादित टिप्पणियों को विधानसभा की कार्यवाही से हटाने का आश्वासन भी दिया गया था। इस मुद्दे को लेकर भाजपा और भाजयुमो का विरोध लगातार जारी है। इससे पहले सोमवार को प्रदेश के विभिन्न जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन किया गया था। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मंत्री के पुतले भी जलाए थे। अब मंगलवार को राजधानी शिमला में सीटीओ चौक पर प्रदर्शन कर भाजयुमो ने अपना विरोध दोहराया। संगठन की ओर से मंत्री से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की जा रही है। भाजयुमो का कहना है कि भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर जैसे संवेदनशील विषयों पर की गई टिप्पणी को लेकर मंत्री को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। भाजपा इस मामले को लगातार राजनीतिक और सार्वजनिक मंचों पर उठा रही है।