गांव हेरां बुधवार तड़के गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। सुबह करीब 4:19 बजे सफेद कार में सवार हमलावरों ने राजोआणा लिंक रोड के समीप स्थित कनाडा निवासी एनआरआई जिंदर सिंह की बंद कोठी के मुख्य गेट पर दो राउंड फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने और अपने जरूरी कामों के लिए घरों से निकले ग्रामीण सहम गए। कई लोग जहां जगह मिली, वहीं छिप गए, जबकि कुछ वापस अपने घरों में चले गए। जिस कोठी को निशाना बनाया गया, उसमें जिंदर सिंह का परिवार नहीं रहता और परिवार के सभी सदस्य कनाडा में हैं। वारदात के समय कोठी पर ताला लगा हुआ था।