पठानकोट बाईपास के पास देर रात करीब 3 बजे विश्व हिंदू परिषद और गौ रक्षा दल की टीमों ने गोवंश से भरी दो महिंद्रा पिकअप गाड़ियां पकड़ीं। टीम के मुताबिक, दोनों वाहनों को तिरपाल से ढका गया था। रोकने का प्रयास करने पर चालकों ने कथित तौर पर भागने की कोशिश की। इसी दौरान एक पिकअप का पीछा करते समय वह दूसरे वाहन से टकराने के बाद सड़क किनारे खंभे से जा भिड़ी। हादसे के बाद चालक गाड़ी छोड़कर भागने लगा, लेकिन टीम के सदस्यों ने उसे पकड़ लिया। गौरक्षक टीम के प्रतिनिधि इंदरजीत बिश्श्रू परशाद के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि दो पिकअप वाहनों में गोवंश को भरकर ले जाया जा रहा है। रात करीब 2:30 बजे पहली गाड़ी को रोककर जांच की गई। इसी दौरान दूसरी पिकअप तेज रफ्तार से वहां से निकल गई, जिसके बाद टीम ने उसका पीछा किया। टीम का आरोप है कि दूसरी पिकअप के चालक ने बच निकलने की कोशिश की, लेकिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टीम के अनुसार, दोनों वाहनों में गोवंश को कथित तौर पर बेहद तंग और क्रूर तरीके से भरा गया था। एक पिकअप से तीन बैल बरामद किए गए हैं, जबकि दूसरी गाड़ी की विस्तृत जांच की जा रही है। टीम ने दावा किया कि मौके पर पशुओं के परिवहन से संबंधित कोई वैध बिल या सरकारी दस्तावेज पेश नहीं किया गया। हालांकि, गोवंश को कथित तौर पर पठानकोट और जम्मू क्षेत्र में अवैध कटाई तथा मांस की सप्लाई के लिए ले जाने के आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पिकअप वाहनों को कब्जे में लेकर एक चालक को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची थी। फिलहाल बरामद गोवंश, पकड़े गए चालक और दोनों वाहनों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के बाद मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी और तथ्यों के आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसीपी हेडक्वार्टर जालंधर करणैल सिंह ने बताया कि पुलिस को गाड़ी में गोवंश ले जाए जाने की सूचना मिली थी। पब्लिक द्वारा गाड़ी को रोकने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने गाड़ी की जांच की तो उसमें 3 गोवंश (बैल) लदे हुए पाए गए। गाड़ी में सवार दो व्यक्तियों सलीम और फारूक, दोनों निवासी सुजानपुर, पठानकोट को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गोवंश की तस्करी के आरोप में थाना डिवीजन नंबर 8, कमिश्नरेट पुलिस जालंधर में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद तीनों गोवंश को सुरक्षित रूप से नजदीकी गौशाला में पहुंचा दिया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।