जालंधर के मकसूदां स्थित फ्रूट मंडी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाइकों पर सवार होकर पहुंचे करीब आधा दर्जन हथियारबंद युवकों ने एक युवक पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने न केवल मंडी में जमकर उत्पात मचाया, बल्कि वहां खड़े वाहनों में भी तोड़फोड़ की। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने पीड़ित युवक के घर पर भी धावा बोल दिया। इस पूरी वारदात में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल युवक के भाई के मुताबिक, विवाद की शुरुआत फ्रूट मंडी में हुई थी। वहां अचानक कुछ युवकों ने उसके भाई को घेर लिया और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में युवक के शरीर पर कई जगह गहरे घाव आए। इसके बाद हमलावरों ने मंडी में भी जमकर तोड़फोड़ की। हमलावरों ने मंडी में खड़े वाहनों को निशाना बनाया। इस दौरान 'फ्रेश सोडा प्वाइंट' नामक वैन के शीशे भी पूरी तरह तोड़ दिए गए। आरोप है कि हमलावरों ने इसके बाद पीड़ित युवक के घर पहुंचकर वहां भी हमला किया। इस दौरान एक अन्य युवक के सिर पर गंभीर चोटें आईं। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़ित युवक ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान हमलावर उसकी सोने की चेन और कड़ा भी छीनकर ले गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। हमले और तोड़फोड़ की पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सामने आई फुटेज में बाइकों पर पहुंचे युवक हथियारों के साथ वाहनों में तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और इंसाफ दिलाने की मांग की है।