उत्तराखंड में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर और हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद कथित “शुद्धिकरण” को लेकर कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जालंधर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा और जल्द ही बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। आदमपुर विधायक सुखविंदर सिंह कोटली ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद मैदान का कथित शुद्धिकरण किया गया, जिसे कांग्रेस ने दलितों और समाज के कमजोर वर्गों का अपमान बताया। कोटली ने कहा कि यह देश गुरुओं और महापुरुषों की कुर्बानियों से बना है और संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार देता है। कोटली के मुताबिक, इसी मुद्दे को लेकर राहुल गांधी उत्तराखंड पहुंचे और भाजपा पर जातिवाद के नाम पर लोगों को बांटने का आरोप लगाया। इसके बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ पहले भी कई एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं और कांग्रेस इस कार्रवाई से डरने वाली नहीं है।