फूड सेफ्टी विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर मक्खू में घटिया खाद्य सामग्री तैयार करने वाली एक छिपी हुई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का पर्दाफाश किया। अचानक की गई छापेमारी के दौरान यूनिट में बेहद गंदे और अस्वच्छ हालात में गुड़, गजक, बूंदी सहित अन्य खाद्य पदार्थ तैयार किए जा रहे थे। विभाग ने मौके से भारी मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त कर कारोबारी का चालान किया और तीन इन्फोर्समेंट सैंपल भरे। जांच में सामने आया कि खाद्य सामग्री लुधियाना से गंदे ड्रमों में लाई जा रही थी, जबकि लाल मिर्च को सीमेंट की बोरियों में रखा गया था। हैरानी की बात यह रही कि गजक जैसी खाद्य सामग्री फर्श पर नंगे पैर तैयार की जा रही थी। छापेमारी के दौरान विभाग ने 440 किलो गुड़, 20 किलो रंगीन बूंदी, 450 लीटर रिफाइंड तेल और 170 किलो गजक जब्त की। जांच में लाइसेंस के दुरुपयोग का मामला भी सामने आया। संबंधित कारोबारी ने फूड सेफ्टी लाइसेंस ठेले के नाम पर लिया हुआ था, जबकि मौके पर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट चलाई जा रही थी। तैयार खाद्य पदार्थों की पैकिंग पर निर्माता और यूनिट का पूरा पता भी दर्ज नहीं था। विभाग ने लाल मिर्च, खोया और गजक के तीन सैंपल जांच के लिए भरे हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को नियमों और स्वच्छता मानकों का पालन करने की हिदायत देते हुए चेतावनी दी कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।