पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर शिरोमणि अकाली दल ने व्यापारिक वर्ग तक अपनी पहुंच बढ़ाने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने बुधवार को फरीदकोट जिले के जैतो, कोटकपूरा और फरीदकोट शहर का दौरा कर व्यापारियों के साथ बैठकें कीं। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और अकाली दल की सरकार बनने पर कारोबारियों को राहत देने के लिए कई योजनाएं लागू करने का भरोसा दिया। जैतो में बैठक का नेतृत्व हलका इंचार्ज सूबा सिंह बादल ने किया, जबकि कोटकपूरा में पूर्व विधायक मनतार सिंह बराड़ की अगुवाई में व्यापारियों ने सुखबीर बादल के साथ बातचीत की। फरीदकोट में हलका इंचार्ज परमबंस सिंह बंटी रोमाणा के नेतृत्व में बैठक आयोजित की गई। तीनों स्थानों पर विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कारोबार से जुड़ी समस्याएं पार्टी अध्यक्ष के सामने रखीं। बैठकों के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुखबीर सिंह बादल ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में व्यापारियों के लिए कारोबार करना मुश्किल होता जा रहा है। गैंगस्टरों की ओर से फिरौती की मांग, पुलिस की कथित परेशानियों और सरकारी अधिकारियों के व्यवहार के कारण व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में कारोबारी न तो सुरक्षित हैं और न ही परेशानियों से मुक्त हैं। सुखबीर बादल ने कहा कि अकाली दल की सरकार बनने पर व्यापारियों को बिना किसी भय और दबाव के कारोबार करने के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का भरोसा भी दिया। उन्होंने जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों के लिए स्वास्थ्य बीमा और जीवन बीमा की सुविधा शुरू करने का वादा किया। इसके अलावा दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में आगजनी से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए बीमा सुविधा देने की बात कही। सुखबीर बादल ने पंजाब में बड़े उद्योग स्थापित करने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने नशे के खिलाफ सख्त कानून लाने की बात कहते हुए कहा कि प्रदेश में उद्योग और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।