कपूरथला जिले में सोमवार दोपहर गांव खानोवाल में एक युवक को सड़क किनारे पेशाब करने से रोकना महंगा पड़ गया। आरोप है कि बाइक सवार दो युवकों ने युवक पर पिस्तौल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने करीब तीन राउंड फायर किए, जिनमें से दो गोलियां युवक को लगीं। गंभीर हालत में उसे जालंधर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल युवक की पहचान 25 वर्षीय रहम अली निवासी गुज्जरों का डेरा, गांव खानोवाल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी-डी हरिंदर सिंह गिल, डीएसपी कपूरथला मेजर डॉ. शीतल सिंह, सीआईए स्टाफ प्रभारी एसआई रमन कुमार और थाना सदर के एसएचओ एसआई मेजर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। एसएसपी कपूरथला गौरव तूरा ने घटना की पुष्टि की है।