फरीदकोट जिला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 600 ग्राम हेरोइन, 5100 रुपये ड्रग मनी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान पुष्पिंदरप्रीत सिंह उर्फ सिकंदर पुत्र हरमेश सिंह निवासी बधनी कलां, जिला मोगा के रूप में हुई है और उसके खिलाफ थाना बाजाखाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि एसएसपी फरीदकोट गुरबंस सिंह बैंस के दिशा निर्देश पर सीआईए स्टाफ जैतो की टीम संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के संबंध में नेशनल हाईवे पर गश्त कर रही थी। इस दौरान गांव वाडा भाईका बस स्टॉप के शैड के पास पुलिस पार्टी को एक युवक दिखाई दिया, जिसके बाएं हाथ में बैग था। शक होने पर पुलिस के तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 600 ग्राम हेरोइन, 5100 रुपये ड्रग मनी और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। इस संबंध में थाना बाजाखाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। इस मामले में एसपी नरिंदर सिंह ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी का लिंक सीमा पार नशा मंगवाने वाले तस्करों से है जिनकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे है। अब आरोपी का अदालत से रिमांड लेकर हेरोइन के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक के बारे में गहन पूछताछ की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस द्वारा आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने पर पता चला कि उसके खिलाफ जिला मोगा व लुधियाना में नशा तस्करी, आर्म्स एक्ट और अन्य संगीन धाराओं के तहत पहले से कुल 6 मामले दर्ज हैं जिनमें से एक मामले में वह भगोड़ा घोषित है।