पंजाब सरकार की ओर से एक अक्तूबर से धान की सरकारी खरीद शुरू कर दी गई थी, लेकिन मंडियों में लिफ्टिंग की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। रोजाना धान की खरीद होने और किसानों के अपनी फसल बेचकर खाली होने के बावजूद मंडियों में धान की बोरियों के ढेर लगे हुए हैं। फिरोजपुर शहर की मंडियों में पनग्रेन, मार्कफेड, पनसप और पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन सहित चार खरीद एजेंसियां धान की खरीद कर रही हैं। इनमें पनग्रेन और मार्कफेड की लिफ्टिंग में कुछ सुधार हुआ है, जबकि अन्य एजेंसियों की ओर से लिफ्टिंग की रफ्तार काफी धीमी चल रही है। लिफ्टिंग न होने के कारण मंडियों में जगह की कमी हो रही है। किसानों को धान उतारने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई किसान मजबूरी में अपनी फसल सड़कों पर रखने को मजबूर हैं। इस संबंध में मार्केट कमेटी फिरोजपुर शहर के चेयरमैन हरमीत सिंह खाई से भी बातचीत की गई।