फिरोजपुर मंडल में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक चल रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत एक अक्टूबर को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके साथ ही स्वच्छता पखवाड़ा 2026 का शुभारंभ भी हुआ, जो 31 अक्टूबर तक जारी रहेगा। कार्यक्रम के तहत सुबह 8 बजे अमृतसर, फिरोजपुर कैंट, लुधियाना, जालंधर सिटी, जालंधर कैंट, फगवाड़ा, फिल्लौर और ढंडारी कलां सहित विभिन्न रेलवे स्टेशनों, यार्ड, रेलवे कॉलोनियों, आरपीएफ बैरकों तथा रेलवे ट्रैक के आसपास संयुक्त श्रमदान किया गया। अभियान के दौरान स्टेशन परिसरों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया। इस अभियान में रेलवे के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ स्काउट-गाइड और विभिन्न गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पोस्टर, बैनर, पैम्फलेट और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से यात्रियों को ‘मेरी सीट, मेरा डिब्बा’ थीम के तहत स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।