आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश लेकर पटना से निकले संतोष शाही मंगलवार को जीरा के गुरुद्वारा सिंह सभा पहुंचे। उन्होंने सितंबर 2025 में अपनी यात्रा शुरू की थी। अब तक वह पैदल यात्रा और जरूरत पड़ने पर लिफ्ट लेकर 23 राज्यों और सात केंद्र शासित प्रदेशों की यात्रा कर चुके हैं। संतोष शाही ने बताया कि यात्रा के दौरान उनका उद्देश्य देशवासियों में आपसी भाईचारे और एकता का संदेश पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पंजाब आने से पहले लोगों ने उन्हें यहां आने को लेकर काफी डराया था, लेकिन पंजाब पहुंचने के बाद उनकी धारणा पूरी तरह बदल गई। उन्होंने कहा कि पूरे देश में पंजाब ऐसा राज्य है, जहां उन्हें रात को ठहरने और भोजन की चिंता नहीं करनी पड़ी। गुरुद्वारों में बिना जात-पात पूछे उन्हें रहने के लिए कमरा और भोजन उपलब्ध कराया गया। उन्होंने बताया कि जीरा के बाद वह फिरोजपुर में शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इसके बाद राजस्थान के लिए रवाना होंगे। गुरुद्वारा सिंह सभा जीरा की प्रबंधक कमेटी की ओर से संतोष शाही को सिरोपा देकर सम्मानित किया गया।