कोटकपूरा की पुरानी अनाज मंडी में श्री बालाजी लंगर सेवा समिति एंड वेलफेयर सोसायटी की ओर से प्रधान करण गोयल और चेयरमैन दीपक गोयल के नेतृत्व में थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की मदद के लिए रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में शहर की रक्तदानी संस्था पीबीजी वेलफेयर क्लब ने विशेष सहयोग दिया। शिविर के दौरान 50 से अधिक लोगों ने रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान दिया। इस मौके पर संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि उनकी संस्था की ओर से समय-समय पर मानवता की सेवा के लिए विभिन्न प्रोजेक्ट चलाए जाते हैं। संस्था की ओर से श्री बालाजी रसोई भी संचालित की जा रही है, जहां जरूरतमंद लोगों को मात्र 25 रुपये में भोजन उपलब्ध करवाया जाता है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में संस्था की ओर से एंबुलेंस सेवा भी शुरू की जा रही है, ताकि जरूरतमंद लोगों को आपातकालीन स्थिति में बेहतर सहायता उपलब्ध करवाई जा सके। उन्होंने कहा कि आज का रक्तदान शिविर विशेष रूप से थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों की मदद के उद्देश्य से लगाया गया है। भविष्य में भी संस्था की ओर से इसी तरह के समाजसेवी कार्य जारी रखे जाएंगे। शिविर के दौरान सभी रक्तदाताओं को संस्था की ओर से प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।