मोगा सीआईए स्टाफ ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 12 किलो हेरोइन समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर की एक स्विफ्ट कार भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में दो फाजिल्का जिले तथा एक मोगा जिले से संबंधित हैं। इस मामले में पुलिस ने थाना अजीतवाल में तीनों आरोपियों पर एनडीपीएस के अधीन मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपीडी अजय राज ने बताया कि सीआईए स्टाफ इंचार्ज इंस्पेक्टर दलजीत सिंह की अगुवाई में पुलिस इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अजीतबल की दाना मंडी में एक बिना नंबर की स्विफ्ट कार खड़ी है, जिसमें नशे की खेप मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार की तलाशी ली, तो उसमें से 12 किलो हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने हेरोइन और वाहन को कब्जे में लेकर सोलब सिंह और बलजिंदर सिंह निवासी फाजिल्का तथा मनप्रीत सिंह निवासी गांव बोडे, थाना बधनी कलां, जिला मोगा को गिरफ्तार किया। सोलब सिंह और बलजिंदर सिंह फाजिल्का से मोगा में मनप्रीत सिंह को हेरोइन की सप्लाई देने आए थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि सोलब सिंह की उम्र 21 और बलजिंदर सिंह की उम्र 24 साल है। दोनों को 2024 में फाजिल्का पुलिस ने 5 किलो 470 ग्राम हेरोइन और 10 लाख 7 हजार ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार किया था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हेरोइन पाकिस्तान से आई थी। आरोपियों को अदालत में पेश करके तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।