फूड सेफ्टी विभाग की ओर से मिलावटी और घटिया खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तलवंडी भाई में विशेष चेकिंग की गई। इस दौरान विभाग की टीम ने करीब 40 किलो रंगीन मिठाई मौके पर ही नष्ट करवाई। वहीं, बाजार में बिक रहा पनीर भी मानव स्वास्थ्य के लिए असुरक्षित पाया गया है। जांच के दौरान सामने आया कि तरनतारन जिले के पट्टी क्षेत्र से लाया गया पनीर तलवंडी भाई में बिक्री के लिए पहुंचाया जा रहा था। विभाग ने कुछ दिन पहले पनीर का सैंपल लेकर जांच के लिए लैबोरेटरी भेजा था। इसकी रिपोर्ट में पनीर को मानव उपभोग के लिए असुरक्षित घोषित किया गया है। पनीर के जरनैल सिंह की ओर से पहले भी इसकी सप्लाई की गई थी। विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की कि सस्ते के लालच में अनजान स्रोतों से पनीर न खरीदें तथा उसकी गुणवत्ता और सफाई का विशेष ध्यान रखें। विभाग ने पनीर विक्रेताओं, हलवाइयों और दुकानदारों को चेतावनी दी कि बिना भरोसेमंद स्रोत और जरूरी दस्तावेजों के पनीर की खरीद-बिक्री न करें। कारोबार में इस्तेमाल होने वाले पनीर की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करें।