जैतो थाना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 40 ग्राम हेरोइन समेत एक व्यक्ति और चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जैतो निवासी किच्छी, पूनम, चंदा, तमन्ना और गोबिंद सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने पांचों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस के दिशा-निर्देशों पर नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत पुलिस पार्टी जैतो के मुक्तसर बाईपास लिंक रोड पर गश्त और चेकिंग कर रही थी। इस दौरान शक के आधार पर किच्छी, पूनम और चंदा को काबू कर तलाशी ली गई, तो उनके कब्जे से 40 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसके आधार पर तमन्ना और गोबिंद सिंह को भी गिरफ्तार किया गया। डीएसपी इकबाल सिंह संधू ने बताया कि जैतो के जज्ज घड़ा मोहल्ले में नशे संबंधी शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा और हेरोइन के बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंक की जांच की जाएगी।