दिड़बा के गांव तूरबंजारा में गुलजार सिंह आत्महत्या मामले ने तूल पकड़ लिया है। मंगलवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं दिड़बा मार्केट कमेटी की चेयरपर्सन और 'आप' नेता जसवीर कौर को ग्रामीणों के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा। गांव पहुंचीं चेयरपर्सन जसवीर कौर ने जैसे ही दावा किया कि मृतक गुलजार सिंह का वायरल वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा बनाया गया है, वहां मौजूद लोग भड़क उठे। गुस्साए ग्रामीणों ने पंजाब सरकार और नेत्री के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। गाड़ी के आगे लेटे ग्रामीण माहौल तनावपूर्ण होते देख चेयरपर्सन ने जब मौके से निकलने का प्रयास किया, तो आक्रोशित ग्रामीणों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और कई लोग कार के आगे ही लेट गए। पुलिस ने कराया बचाव मौके पर सादा कपड़ों में मुस्तैद पुलिस कर्मियों ने बमुश्किल स्थिति को संभाला। प्रदर्शनकारियों को शांत कराकर और बीच-बचाव करके चेयरपर्सन की कार को सुरक्षित वहां से रवाना किया गया।