कोटकपूरा के डीएवी पब्लिक स्कूल में वीरवार रात श्री कृष्ण जन्माष्टमी को समर्पित एक शानदार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्कूल के छोटे-छोटे बच्चों ने भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं और जन्माष्टमी से संबंधित मनमोहक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम का आयोजन स्कूल प्रिंसिपल डॉ. राजवीर सिंह कंग की अध्यक्षता में हुआ। इस अवसर पर लोकल मैनेजमेंट कमेटी के वाइस चेयरमैन इंजीनियर राजकुमार अग्रवाल,सदस्य उमेश गर्ग,सतीश बांसल, गौशाला कमेटी के महेश कटारिया सहित शहर की कई नामवर शख्सियतों,विद्यार्थियों के अभिभावकों ने विशेष रूप से भाग लिया। बच्चों ने श्री कृष्ण के जीवन, उनकी बाल लीलाओं और जन्माष्टमी के धार्मिक महत्व को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से बेहद खूबसूरती से प्रस्तुत किया। नन्हे बच्चों द्वारा श्री कृष्ण और राधा के रूप में दी गई प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। स्कूल प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ने के लिए इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने के महत्व पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।