फरीदकोट में पंजाब सरकार के दिशा निर्देश पर 1 अक्टूबर 2026 से धान की सरकारी खरीद शुरू की जा रही है। फरीदकोट जिले में धान की खरीद के लिए 68 खरीद केंद्रों पर सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। यह जानकारी बुधवार को एडीसी केशव गोयल ने दी। एडीसी केशव गोयल ने किसानों से अपील की कि मंडियों में धान लेकर आने से पहले उसमें नमी की मात्रा की जांच जरूर करें। उन्होंने कहा कि मंडी में लाए जाने वाले धान में नमी 17 प्रतिशत से अधिक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने किसानों से सूखा धान ही मंडियों में लाने की अपील की, ताकि सफाई के बाद बोली की प्रक्रिया समय पर और सुचारू ढंग से पूरी हो सके। उन्होंने किसानों से धान की कटाई सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक ही करने की अपील की, ताकि कटाई के बाद धान में नमी की मात्रा अधिक न हो और किसानों को मंडी में फसल बेचने के दौरान किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। एडीसी ने बताया कि मंडियों में किसानों, मजदूरों और आढ़तियों की सुविधा के लिए बिजली, छाया, पीने के पानी और सफाई सहित सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को मंडियों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया की रोजाना निगरानी के लिए सभी मंडियों में अधिकारियों की तैनाती की गई है। किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर उसका तुरंत समाधान किया जाएगा। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि सरकार की ओर से उनकी फसल की अदायगी समय पर सुनिश्चित की जाएगी और किसानों को अनावश्यक देरी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उधर आढ़ती एसोसिएशन ने सरकार व प्रशासन के प्रबंध पर संतुष्टि जताई है