चंडीगढ़-मोहाली सीमा पर मांगों को लेकर पक्का मोर्चा लगाए संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) और पंजाब सरकार के बीच रविवार को हुई बैठक में अधिकतर मांगों पर मौखिक सहमति बन गई। किसान नेताओं ने साफ किया कि सोमवार सुबह सरकार की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही मोर्चा उठाने पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में एसकेएम से जुड़ी 24 जत्थेबंदियों के नेता शामिल हुए जिसके बाद सोमवार को सरकार और किसानों के बीच सहमति बन गई और किसानों ने पक्का मोर्चा हटाकर अपने घर लौटने लगे। किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा कि कृषि मंत्री ने सभी मांगों को मानने को लेकर पत्र सौंपा है। इसकी कॉपियां सभी जत्थेबंदियों को दी जाएंगी। खुड्डियां साहिब का आभार जताता हूं। उन्होंने हमारे बीच आकर हमारी मांगों का निपटारा करने का पत्र सौंपा है।