कोटकपूरा मंडी में बासमती फसल की करीब 55 करोड़ रुपये की लेनदारी को लेकर आढ़ती एसोसिएशन की ओर से टीआर एग्रो इंडस्ट्री की दुकान के बाहर लगाया गया क्रमिक रोष धरना सोमवार को 22वें दिन भी जारी रहा। धरने में भाजपा नेता एवं पीपीएससी के पूर्व सदस्य भाई राहुल सिंह सिद्धू विशेष रूप से पहुंचे और आढ़तियों के संघर्ष को समर्थन देते हुए पंजाब सरकार से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर जल्द समाधान करवाने की अपील की। आढ़ती एसोसिएशन के नेताओं ने आरोप लगाया कि टीआर एग्रो इंडस्ट्री की ओर से बासमती फसल की करीब 55 करोड़ रुपये की राशि की अदायगी को लेकर लंबे समय तक टालमटोल की जाती रही और अब राशि देने से साफ इनकार किया जा रहा है। इसके चलते आढ़तियों को धरना लगाने के लिए मजबूर होना पड़ा है। धरने में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी पहुंचकर संघर्ष को समर्थन देने का भरोसा दे रहे हैं। भाजपा नेता भाई राहुल सिंह सिद्धू ने कहा कि सरकार को मामले में तुरंत हस्तक्षेप कर आढ़तियों की राशि की अदायगी का रास्ता साफ करना चाहिए, ताकि व्यापारिक क्षेत्र में विश्वास कायम रहे। इस मौके पर आढ़ती एसोसिएशन के नेता कृष्ण गोयल ने कहा कि जब तक मामले का समाधान नहीं होता, धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में अन्य संगठनों का सहयोग लेकर संघर्ष को और व्यापक किया जाएगा।