किसानों को अपनी फसल मंडियों तक पहुंचाने में किसी प्रकार की परेशानी न आए और ग्रामीण क्षेत्रों का बुनियादी ढांचा मजबूत हो, इसी उद्देश्य से मोगा में विकास कार्यों की शुरूआत की गई। मार्केट कमेटी मोगा के अधीन आने वाली विभिन्न मंडियों से जुड़ने वाली लिंक सड़कों के विकास कार्यों का आज उद्घाटन किया गया। इन सड़कों के निर्माण पर करीब 3 करोड़ 18 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इसके साथ ही जिला मोगा में 1 करोड़ 9 लाख रुपये की लागत से मंडी भवन का निर्माण भी करवाया जा रहा है। इन विकास कार्यों से किसानों को मंडियों तक अपनी फसल ले जाने में सुविधा मिलेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की व्यवस्था भी बेहतर होगी। इस अवसर पर मार्केट कमेटी मोगा के चेयरमैन हरजिंदर सिंह रोडे, मोगा नगर निगम की मेयर विनयपाल कौर, सीनियर डिप्टी मेयर काला बजाज, आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान समीर जैन, सब्जी मंडी प्रधान जगदीप सिंह जुग्गू, मंडी बोर्ड के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस मौके पर विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगातार विकास कार्य करवा रही है। उन्होंने कहा कि मंडियों तक पहुंचने वाली सड़कें बेहतर होने से किसानों को अपनी फसल लाने-ले जाने में काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसान को खेत से मंडी तक अपनी फसल पहुंचाने में कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े और ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरी बुनियादी सुविधाएं लगातार मजबूत हों। उन्होंने कहा कि विकास कार्य केवल शहरों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि गांवों और मंडियों तक भी उनका लाभ पहुंचना जरूरी है। इसी दिशा में पंजाब सरकार द्वारा लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा इन्हें निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से किसानों और गांवों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए किए जा रहे इन विकास कार्यों को किसानों की सुविधा और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।