फिरोजपुर मंडल में एक से 31 अक्टूबर तक चल रहे स्वच्छता पखवाड़े के तहत दो अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर स्वच्छ भारत दिवस मनाया गया। रेलवे अधिकारी क्लब में मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाई मित्रों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इसके बाद ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, परिसरों, कॉलोनियों और स्वास्थ्य इकाइयों में स्वच्छता व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। फिरोजपुर कैंट, अमृतसर, जालंधर सिटी, जालंधर कैंट, लुधियाना और फगवाड़ा में प्रभात फेरी निकालकर ‘स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत’ का संदेश दिया गया। अभियान के दौरान 1215 स्वच्छता लक्षित इकाइयों की सफाई व सौंदर्यीकरण किया गया। रेलवे स्कूलों और कॉलोनियों में कचरा पृथक्करण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और ‘रिड्यूस, रीयूज, रीसाइकिल’ को लेकर जागरूकता कार्यक्रम हुए। जालंधर सिटी व अमृतसर में नुक्कड़ नाटक और कला प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। विरासत स्टेशनों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया तथा सफाई मित्रों के स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए गए। उत्कृष्ट योगदान के लिए सफाई मित्रों और स्वच्छाग्रहियों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।