विधानसभा हलका भोआ के अंतर्गत पड़ते जसवाली रेस्ट हाउस में जिला प्रोग्राम अधिकारी संजीव शर्मा की अध्यक्षता में विशेष समारोह आयोजित किया गया। जिसमें पंजाब के कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और हलके के विभिन्न गांवों की नव-नियुक्त 78 आंगनवाड़ी हेल्परों को नियुक्ति पत्र बांटे गए। मंत्री ने कहा कि साल 2022 से अब तक पंजाब सरकार द्वारा 71 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। इसके साथ ही राज्य में निवेश को प्रोत्साहित करके निजी क्षेत्र में भी रोजगार के मौके पैदा करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उम्मीदवारों का चयन मेरिट के आधार पर किया गया है। उन्होंने नव-नियुक्त आंगनवाड़ी हेल्परों से अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी, मेहनत और लगन से निभाने की अपील करते हुए कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों की देखभाल, पोषण और प्रारंभिक विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। कहा कि 78 महिलाओं को नियुक्ति पत्र मिलने से जहां उन्हें रोजगार का मौका मिला है, वहीं आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों और परिवारों को दी जाने वाली सेवाओं को और मजबूती मिलेगी।