पंजाब के फगवाड़ा स्थित एलपीयू में हुए हंगामे और तोड़फोड़ के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने अगले 10 दिनों के लिए छुट्टी का ऐलान किया है। इसके साथ ही परीक्षाएं भी रद्द कर दी गई हैं। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अब अपने-अपने घर लौट रहे हैं। रविवार को कैंपस में प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़, आगजनी और पथराव हुआ था। पुलिस की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया गया और कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हालात को काबू में करने के लिए पंजाब पुलिस ने कैंपस में फ्लैग मार्च किया। पुलिस के मुताबिक, छात्रों की शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है और जांच के लिए SIT बनाई गई है। वहीं, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कैंपस में दुष्कर्म की घटना के दावे को खारिज करते हुए इसे अफवाह बताया है। फिलहाल कैंपस में हालात शांत हैं, लेकिन छात्रों और अभिभावकों के बीच तनाव बना हुआ है।