चीफ खालसा दीवान की ओर से संचालित श्री गुरु हरिकृष्ण सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब स्कूल प्रबंधन ने अचानक छुट्टी घोषित कर अभिभावकों को बच्चों को तुरंत घर ले जाने के लिए संदेश भेजे। स्कूल के बाहर बच्चों को लेने के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक पहुंच गए। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे अभिभावकों को स्कूल के व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से संदेश भेजे गए और कुछ को फोन भी किए गए। संदेश में स्पष्ट कारण बताए बिना केवल आपात स्थिति का हवाला देते हुए बच्चों को स्कूल से ले जाने के लिए कहा गया। इसके बाद अभिभावकों में चिंता बढ़ गई और स्कूल के बाहर भीड़ जुटने लगी। इस बीच, कुछ अभिभावकों और विद्यार्थियों के बीच चर्चा रही कि स्कूल प्रबंधन को कथित तौर पर पैसों से संबंधित धमकी भरा संदेश मिला है। चर्चा के मुताबिक, मांग पूरी नहीं करने पर स्कूल को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई। हालांकि, इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विद्यार्थी रमणदीप सिंह ने बताया कि शिक्षकों ने बच्चों को किसी तरह की डराने वाली बात नहीं बताई और केवल अभिभावकों को बुलाने के लिए कहा। फिलहाल स्कूल प्रबंधन या पुलिस की ओर से धमकी की प्रकृति और स्रोत को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच किए जाने की जानकारी है। सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता बनी हुई है।