रणजीत एवेन्यू स्थित दशहरा ग्राउंड में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से तीन दिवसीय पंजाब सखी शक्ति मेला-2026 का शुभारंभ हुआ। कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने मेले का उद्घाटन किया। मेला 28 सितंबर तक चलेगा। उद्घाटन समारोह के पहले दिन प्रसिद्ध सूफी गायक कंवर ग्रेवाल ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। उनके गीतों पर पंडाल तालियों से गूंज उठा। मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि पंजाब सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयासरत है। मेले में पंजाब के करीब आठ जिलों से महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों ने हिस्सा लिया है। उनके उत्पादों की बिक्री के लिए करीब 75 स्टॉल लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि मेले का उद्देश्य महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को सीधे ग्राहकों और बड़े बाजार से जोड़ना है, ताकि बिचौलियों की भूमिका कम हो और महिलाओं को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिल सके। सरकार की ओर से महिलाओं को वित्तीय सहायता, रियायती ऋण और विभिन्न योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध करवाया जा रहा है। मेले में शामिल आजीविका स्वयं सहायता समूह (बाबा जीवन सिंह ग्रुप) की सदस्य बलजिंदर कौर ने बताया कि उनके समूह से करीब 50 महिलाएं जुड़ी हैं। वे फैंसी सूट, कढ़ाई, हैंड पेंटिंग और ऊनी स्वेटर तैयार करती हैं। उन्होंने कहा कि अमृतसर में पहली बार आयोजित इस राज्य स्तरीय मेले ने उन्हें अपने उत्पादों को लोगों तक पहुंचाने का अच्छा मंच दिया है। मेले में खरीदारी के साथ खान-पान के स्टॉल और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।