अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के प्रधान हरजिंदर सिंह धामी के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को जत्थेदार तेजा सिंह भुच्चर और जत्थेदार मोहन सिंह तुड़ के परिवारों की ओर से अकाल तख्त साहिब के सचिव को मांग-पत्र (नसीहतनामा) सौंपा गया। शिरोमणि अकाली दल के पहले जत्थेदार तेजा सिंह भुच्चर के पौत्र रघुबीर सिंह भुच्चर ने आरोप लगाया कि मौजूदा पंथक पदाधिकारी पंथक मान-मर्यादा और नैतिकता से समझौता कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुराने जत्थेदारों ने सिद्धांतों के लिए जेलें काटीं और कुर्बानियां दीं, जबकि आज पंथक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने मौजूदा जत्थेदार से पद छोड़ने की मांग की। वहीं, जत्थेदार मोहन सिंह तुड़ के पौत्र हरभजन सिंह तुड़ ने गुरुद्वारा साहिब की सरायों में एक महिला के साथ कथित धक्केशाही के मामले में सुनवाई नहीं होने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पंथक संस्थाओं के पदाधिकारियों को अन्याय के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। इस दौरान अकाली दल ‘वारिस पंजाब’ के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। शमशेर सिंह पंधेरी ने कहा कि पंथक संस्थाओं की मर्यादा और सिद्धांतों की रक्षा जरूरी है। उन्होंने भी अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार के साथ एसजीपीसी प्रधान हरजिंदर सिंह धामी से नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग की।