अमृतसर की भगतांवाला अनाज मंडी में बासमती धान की आवक ने रफ्तार पकड़ ली है। सीजन शुरू हुए करीब 20 दिन ही हुए हैं, लेकिन मंडी में अब तक 20 लाख से अधिक बोरियां पहुंच चुकी हैं। इसमें करीब 80 फीसदी आवक 1509 बासमती की बताई जा रही है। इस बार अच्छी पैदावार से किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। अमनदीप सिंह छीना, प्रधान आढ़ती एसोसिएशन अमृतसर ने बताया कि 1509 बासमती का भाव एक समय 4200 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया था, जबकि सोमवार को इसका भाव करीब 3750 रुपये प्रति क्विंटल रहा। मंडी कारोबारियों के अनुसार बासमती के भाव में रोजाना उतार-चढ़ाव सामान्य है। इस बार 1509 बासमती का रकबा करीब 50 हजार हेक्टेयर बढ़ा है। यह किस्म करीब 95 दिन में तैयार हो जाती है। पिछली दो फसलों में कम पैदावार से किसानों को निराशा हुई थी, लेकिन इस बार बेहतर झाड़ से उम्मीद जगी है। पिछले वर्ष बासमती का उत्पादन करीब 23.09 लाख मीट्रिक टन रहा था। इस बार उत्पादन 30 से 35 लाख मीट्रिक टन तक पहुंचने का अनुमान है। हालांकि, बंपर आवक के बीच मंडी में बुनियादी सुविधाओं की कमी से किसान, मजदूर और आढ़ती परेशान हैं। सरकारी खरीद एक अक्तूबर से शुरू होगी।