सचखंड श्री दरबार साहिब की परिक्रमा में गुटका साहिब के अंग फाड़कर बेअदबी करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मनदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना कोतवाली में मामला दर्ज किया है। एसीपी सेंट्रल अमृतसर सुरिंदर सिंह ने बताया कि थाना कोतवाली में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के हेल्पर सिमरनजीत सिंह की ओर से शिकायत दी गई थी। शिकायत के अनुसार, शहीद ऊधम सिंह नगर निवासी मनदीप सिंह ने गुटका साहिब के अरदास वाले अंग फाड़ दिए और उन्हें एक महिला की चुन्नी के पल्लू से बांध दिया। बताया गया कि संबंधित परिवार श्री अकाल तख्त साहिब में माथा टेकने आया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और दरबार साहिब परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान मनदीप सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एसीपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।