श्री अकाल तख्त साहिब सचिवालय में रविवार को हुई पांच सिंह साहिबान की बैठक में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य और शिरोमणि अकाली दल (बादल) के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह चावला के खिलाफ लगाए गए गंभीर आरोपों पर विचार किया गया। बैठक के बाद अकाल तख्त ने फैसला सुनते हुए अमरजीत सिंह चावला को पंथ से निष्कासित किया गया। जब तक वह संबंधित मामले में निर्दोष साबित होकर श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष पेश नहीं होते, तब तक उन्हें खालसा पंथ से खारिज माना जाएगा। मलकीत सिंह भी पंथ से निष्कासित बैठक में अकाल तख्त साहिब के अतिरिक्त हेड ग्रंथी मलकीत सिंह के खिलाफ लगाए गए अश्लील चैट संबंधी आरोपों पर भी विचार हुआ। उसे भी पंथ से निष्कासित करने का फैसला सुनाया गया। आदेश के मुताबिक दोनों किसी भी धार्मिक संस्था में शामिल नहीं हो सकेंगे और धार्मिक सेवा नहीं कर सकेंगे। फैसले में कहा गया कि अमरजीत सिंह चावला पर बज्र कुरहित (महापाप) करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सिख रहित मर्यादा के अनुसार चार बज्र कुरहितों में से किसी एक को करने वाला व्यक्ति सिखी से खारिज माना जाता है।