मुख्यमंत्री पंजाब की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अमृतसर देहात पुलिस ने आतंकवाद और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ड्रोन के जरिए भारत भेजे गए हथियारों के एक मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में 28 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक एके-47 राइफल, दो हैंड ग्रेनेड और नौ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बार्डर रेंज के आईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि एसएसपी देहात कमलप्रीत सिंह चहल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवजोत सिंह उर्फ चीमा निवासी सराय अमानत खान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ट्रक चालक है और पहले भी नशे से जुड़ी गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। आईजी के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि आरोपी को एके-47 और हैंड ग्रेनेड संभालने की जिम्मेदारी दी गई थी। हथियार ड्रोन के जरिए भारतीय क्षेत्र में पहुंचाए गए थे। आरोपी इन हथियारों को पड़ोसी जिले में ले जाकर अपने संपर्क को सौंपने वाला था। इसके बाद किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना थी। पुलिस जांच में मॉड्यूल के पाकिस्तान आधारित और मिडिल ईस्ट के हैंडलरों से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। समय रहते कार्रवाई कर पुलिस ने वारदात की साजिश को नाकाम कर दिया। आईजी ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम की सराहना की। टीम को मुख्यमंत्री और डीजीपी पंजाब की ओर से नकद इनाम और प्रशंसा पत्र देने की सिफारिश की गई है। मामले की जांच जारी है।