फरीदाबाद के सेक्टर-77 की मुख्य सड़क पर टैक्सी में चालक का शव मिलने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केस दर्ज होने के महज दो घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। क्राइम ब्रांच सेंट्रल की टीम ने आरोपी कुंदन निवासी चांदपुर को काबू किया है। प्रारंभिक पूछताछ में टैक्सी का परमिट बनवाने के लिए लगने वाले पैसों को लेकर हुए विवाद में हत्या की बात सामने आई है। सहायक पुलिस आयुक्त अपराध-2 वरुण कुमार दहिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार, आरोपी कुंदन और मृतक प्रकाश की करीब चार साल से जान-पहचान थी। दोनों टैक्सी चलाने का काम करते थे। कुंदन अपनी टैक्सी का परमिट प्रकाश के माध्यम से बनवाता था। इस बार परमिट बनवाने के लिए लगने वाले पैसों को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी।