मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में खाद की कालाबाजारी के खिलाफ कृषि विभाग और राजस्व विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की है। कलेक्टर विवेक श्रोतिय के निर्देशन में बल्देवगढ़ तहसील के कैलपुरा क्षेत्र में छापेमारी कर एक मकान से 320 बोरी खाद जब्त की गई है। मामले में पंचनामा तैयार किया जा रहा है और पुलिस में प्रकरण दर्ज कराने की प्रक्रिया की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, प्रशासन को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि कैलपुरा क्षेत्र में बलवान लोधी के मकान में अवैध रूप से खाद रखी गई है। शिकायत में नकली डीएपी खाद की पैकिंग कर किसानों को बेचने की बात भी सामने आई थी। सूचना के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी बल्देवगढ़, एसएडीओ महक खत्री और राजस्व विभाग के अमले ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
पढ़ें: सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के दूसरे दिन दिग्विजय सिंह के तीखे तेवर, बोले- बेशर्मों को ही फर्क पड़ेगा
छापेमारी के दौरान मकान से 320 बोरी खाद बरामद कर जब्त की गई। कृषि विभाग की टीम मामले से संबंधित दस्तावेजों और खाद की प्रकृति की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
किसानों से धोखाधड़ी रोकने प्रशासन की कार्रवाई
जिले में खाद की कालाबाजारी और अनियमितताओं की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। नकली खाद की बिक्री से किसानों को आर्थिक नुकसान होने के साथ फसलों की पैदावार प्रभावित होने का खतरा भी रहता है।
फिलहाल जब्त खाद की गुणवत्ता और उसके स्रोत की जांच की जानी है। प्रशासन की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि बरामद खाद नकली थी या नहीं। कृषि विभाग ने संकेत दिए हैं कि खाद की अवैध बिक्री और कालाबाजारी के मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।