फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीहोर: नशेड़ी चालक की दबंगई, वर्दी से नेमप्लेट नोंची, ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग में पुलिस से भिड़े चालक-मालिक

Fri, 09 Oct 2026 09:58 AM IST
सीहोर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर

जिले में शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच के दौरान यातायात पुलिस और लोडिंग वाहन के चालक व मालिक के बीच विवाद हो गया। सेकड़ाखेड़ी जोड़ पर हुई इस घटना में आरोप है कि दोनों ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता और झूमाझटकी की। एक जवान की वर्दी से नेमप्लेट नोंचकर फेंकने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने वाहन जब्त कर मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

चेकिंग के दौरान हुआ शक
यातायात प्रभारी सूबेदार ब्रजमोहन धाकड़ अपनी टीम के साथ सेकड़ाखेड़ी जोड़ पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक लोडिंग वाहन को रोककर उसके चालक की जांच की गई। पुलिस के मुताबिक चालक के मुंह से शराब की गंध आ रही थी और उसकी गतिविधियां संदिग्ध लग रही थीं। इसके बाद मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।

पुलिस से हुई हुज्जतबाजी
पुलिस के अनुसार कार्रवाई शुरू होने पर चालक और वाहन मालिक महेंद्र, निवासी बैरागढ़ ने कार्रवाई का विरोध किया। देखते ही देखते मामला बहस से बढ़कर हुज्जतबाजी तक पहुंच गया। पुलिस वाहन को जब्त कर थाने ले जाने की प्रक्रिया कर रही थी लेकिन वाहन मालिक ने इसका विरोध किया। आरोप है कि उसने दूसरे चालक को भी वाहन ले जाने से रोकने की कोशिश की।

कार्रवाई के दौरान चालक ने अपना नाम मेहरबान बताया। पुलिस को उसकी पहचान पर संदेह हुआ तो आधार कार्ड के जरिए जांच की गई। यातायात पुलिस के मुताबिक दस्तावेज में चालक का नाम मुकेश सामने आया। पुलिस अब मामले में कथित तौर पर गलत जानकारी देने से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें: मध्यप्रदेश: केंद्रीय विद्यालय की प्राचार्य तीन लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार, सीबीआई भोपाल की कार्रवाई

जवान की वर्दी से नेमप्लेट नोचने का आरोप
विवाद के दौरान स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि चालक और वाहन मालिक ने पुलिसकर्मियों के साथ झूमाझटकी की और एक जवान की वर्दी से नेमप्लेट नोचकर फेंक दी। पुलिस ने मौके पर स्थिति संभालते हुए कार्रवाई आगे बढ़ाई। ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ कथित अभद्रता और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोपों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

यातायात प्रभारी ब्रजमोहन धाकड़ के मुताबिक शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत न्यायालयीन प्रक्रिया अपनाई जाती है। पुलिस ने लोडिंग वाहन जब्त कर लिया है। चालक और वाहन मालिक के खिलाफ कथित अभद्रता, झूमाझटकी और सरकारी कार्य में बाधा से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना में चालक और वाहन मालिक की भूमिका तथा लागू होने वाले कानूनी प्रावधान जांच के बाद स्पष्ट होंगे।  

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें