सागर जिले में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। हाल ही में खाद्य आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर भर्ती मरीजों का हाल जाना और मृतकों की संख्या बढ़कर 20 होने की पुष्टि की। हालांकि, इस बड़ी त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों की वास्तविक संख्या को लेकर अब भी बड़ा असमंजस और राजनीतिक बयानबाजी का दौर जारी है, क्योंकि अलग-अलग जिम्मेदार पक्षों द्वारा बताए जा रहे आंकड़ों में जमीन-आसमान का फर्क है।
ये भी पढ़ें- सागर शराब कांड: प्रशासन का ताबड़तोड़ एक्शन, निरस्त हुए शराब व हथियार लाइसेंस, गबन के आरोप में सरपंच पर गाज
मृतकों के आंकड़ों को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं
जिला प्रशासन की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक इस घटना में कुल 18 लोगों की मौत हुई थी। सोमवार को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में इलाज करवा रहे जहरीली शराब से प्रभावित मरीजों का हाल चाल जानने प्रदेश के खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अस्पताल का दौरा किया तथा अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात की। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए मंत्री गोविंद सिंह ने मौतों का आंकड़ा 20 होने की बात स्वीकार की और अगले तीन दिनों में मृतकों के परिजनों को सरकारी मुआवजा मिलने का ऐलान किया। साथ ही, आंखों की रोशनी प्रभावित होने वाले 3 मरीजों को बाहर रेफर किए जाने की जानकारी दी। सूत्रों और स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, जहरीली शराब पीने से मरने वालों का वास्तविक आंकड़ा बढ़कर 33 तक पहुंच चुका है। वहीं बीते दिनों जहरीली शराब से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के बाद सागर पहुंचे पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने दावा किया था कि इस जहरीली शराब कांड में कुल 43 लोगों की जान गई है।
दिग्विजय सिंह पर कसा तंज
दौरे के दौरान खाद्य मंत्री गोविंद सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर सियासी निशाना साधते हुए कहा कि अब इस उम्र में उन्हें राजनीति करने के बजाय मंदिर में बैठकर पूजा-पाठ करना चाहिए।
अस्पताल का दौरा करने पहुंचे मंत्री गोविंद सिंह राजपूत।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने भर्ती मरीजों से उनका हालचाल जाना।