अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चैनपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 10 अवैध हस्तनिर्मित देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हथियारों के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही प्लेटिना मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जब्त हथियारों और वाहन की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम शक्करखेड़ी निवासी रूपेश प्लेटिना मोटरसाइकिल से ग्राम सिगनूर के किसी व्यक्ति से अवैध हथियार खरीदकर कठोड़ा रोड होते हुए झिरनिया की ओर आने वाला है। सूचना के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक गणपत कनेल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर करानिया फाटा पर घेराबंदी की गई। कुछ देर बाद पुलिस टीम को मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार एक व्यक्ति प्लेटिना मोटरसाइकिल पर झोला रखकर आता दिखाई दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम रूपेश, निवासी ग्राम शक्करखेड़ी बताया। उसके पास रखे झोले की तलाशी लेने पर उसमें 10 हस्तनिर्मित पिस्टल मिलीं। हथियारों के संबंध में लाइसेंस या दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
ये भी पढ़ें- कटनी का अगला CSP कौन?: विवादों में बीता नेहा पच्चीसिया और ख्याति मिश्रा का कार्यकाल, अब ईमानदार अफसर की मांग
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 2 लाख रुपये कीमत की 10 अवैध पिस्टल और करीब 50 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल जब्त की। आरोपी के खिलाफ थाना चैनपुर में आर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। वर्ष 2024 में भीकनगांव थाने में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट का प्रकरण दर्ज होना पाया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस रिमांड मिलने पर उससे अवैध हथियार खरीदने के स्रोत और तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जाएगी।