मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत खंडवा जिले के मांधाता थाना क्षेत्र की मोरटक्का चौकी पुलिस ने सोमवार रात कार्रवाई करते हुए 5.70 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, जब्त ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 57,200 रुपये है।
इस मामले में पुलिस ने मोरटक्का निवासी धर्मेंद्र को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी ऋषि उर्फ बाबू मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार सुबह आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
पढ़ें: 23 हजार 288 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी, 18 नवंबर को गांधी सागर में होगी कैबिनेट
एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) गजेंद्र सिंह कंवर के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में मांधाता थाना प्रभारी अनोखसिंह सिंधया और मोरटक्का चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक लखनसिंह डावर की अहम भूमिका रही। पुलिस मामले में आगे की जांच और पूछताछ कर रही है।
अतिरिक्त एसपी ने दी कार्रवाई की जानकारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) गजेंद्र सिंह कंवर ने मीडिया को कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत मांधाता थाना क्षेत्र की मोरटक्का पुलिस ने ब्राउन शुगर के मामले में कार्रवाई की है।
उन्होंने बताया कि मामले में मोरटक्का निवासी धर्मेंद्र को आरोपी बनाया गया है, जबकि ऋषि उर्फ बाबू भी इस मामले में शामिल है और फिलहाल फरार है। दोनों आरोपियों के पास से 5.70 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 57,200 रुपये बताई गई है। अतिरिक्त एसपी ने कहा कि मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है। पुलिस को मिली अन्य सूचनाओं के आधार पर फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।