मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने ग्वालियर में आयोजित कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर अगले डेढ़ महीने तक कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच जाएगी और लोकतंत्र बचाने का अभियान चलाएगी। पटवारी ने भाजपा में अंदरूनी कलह बढ़ने का भी दावा किया।
ग्वालियर ईस्ट विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचने पर जीतू पटवारी ने सबसे पहले कन्या पूजन किया। इसके बाद उन्होंने मंच से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आम लोग मौजूद रहे। कांग्रेस के विधायक, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, पूर्व विधायक और पार्टी के पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सम्मेलन के संयोजक ग्वालियर ईस्ट से कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार थे।
ये भी पढ़ें- कमलनाथ का सरकार पर हमला, बोले- मदद की पेशकश भी की; भाजपा ने किया पलटवार
कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी
जीतू पटवारी ने कहा कि वोट चोरी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। पार्टी डेढ़ महीने तक लगातार कार्यकर्ताओं और जनता के बीच जाएगी और लोकतंत्र को बचाने के लिए अभियान चलाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।पटवारी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए दावा किया कि पार्टी के भीतर ही सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है और बीजेपी में अंदरूनी कलह बढ़ चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर लगातार सरकार को घेरती रहेगी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बिजली विभाग में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए बिजली के बिलों को लेकर सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के जय विलास पैलेस का जिक्र करते हुए दावा किया कि 400 कमरों वाले जय विलास पैलेस का बिजली बिल महज 1500 रुपये आता है, जबकि आम आदमी को 50 हजार रुपये तक का बिल भेजकर कनेक्शन काट दिया जाता है।
पटवारी ने इस मामले की जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिजली के बिलों को लेकर आम उपभोक्ताओं के साथ कथित तौर पर हो रही परेशानी और असमानता की जांच होनी चाहिए। ग्वालियर में हुए इस कार्यक्रम के जरिए कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक मुद्दों को लेकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का संदेश दिया।