रविवार दोपहर दमोह रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया, जब मुंबई से वाराणसी जा रही कामायनी एक्सप्रेस में सफर कर रही 34 वर्षीय महिला यात्री की अचानक मौत हो गई। महिला के अचेत होने की सूचना मिलते ही रेलवे डॉक्टर और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। जांच के बाद डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। हालांकि, महिला के पति ने उसकी मौत मानने से इनकार कर दिया और शव को अपने साथ प्रयागराज ले जाने की बात कही।
ट्रेन की B4 बोगी में बिगड़ी महिला की तबीयत
जानकारी के अनुसार, वंदना पति शिव प्रकाश बौद्ध, निवासी गोपालपुर, जिला जौनपुर, उत्तर प्रदेश, अपने पति, छह माह की बच्ची और अन्य परिजनों के साथ कल्याण से प्रयागराज जा रही थी। यात्रा के दौरान ट्रेन की B4 बोगी में अचानक वंदना की तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत हो गई। कामायनी एक्सप्रेस रविवार करीब 11:30 बजे दमोह रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पहुंची। पति शिव प्रकाश ने तत्काल रेलवे स्टाफ को सूचना दी। इसके बाद रेलवे डॉक्टर को मौके पर बुलाया गया।
ये भी पढ़ें- प्लांटेशन में मवेशी चराने से रोकना पड़ा भारी: बैतूल में वनकर्मियों पर कुल्हाड़ी-लाठियों से हमला, दो गंभीर
डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित किया
रेलवे डॉक्टर आकाश सिरोठिया ने महिला की जांच की। परीक्षण के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि महिला को तेज बुखार और डेंगू की शिकायत थी। यात्रा के दौरान अचानक उसकी हालत बिगड़ने के बाद यह घटना हुई।
पति ने कहा- पत्नी की मौत पर विश्वास नहीं
डॉक्टर द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद भी महिला के पति शिव प्रकाश को पत्नी की मौत पर विश्वास नहीं हुआ। उन्होंने पुलिस से कहा कि वह पत्नी को अपने साथ प्रयागराज ले जाना चाहते हैं और वहां डॉक्टर से इलाज कराएंगे। उनका कहना था कि प्रयागराज पहुंचकर डॉक्टर द्वारा दोबारा मृत घोषित किए जाने के बाद ही वह पत्नी की मौत को स्वीकार करेंगे।
लिखित आवेदन के बाद शव लेकर रवाना हुए परिजन
जीआरपी सहायता केंद्र दमोह के प्रभारी शेख जुम्मन के अनुसार, परिजनों की इच्छा को देखते हुए उनसे लिखित आवेदन लिया गया। आवश्यक कार्रवाई और पंचनामा प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद परिजन महिला के शव को लेकर उसी कामायनी एक्सप्रेस से प्रयागराज के लिए रवाना हो गए।
करीब आधे घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही कामायनी एक्सप्रेस
महिला की मौत और पुलिस-रेलवे की कार्रवाई के चलते कामायनी एक्सप्रेस करीब आधे घंटे तक दमोह रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रेन को कटनी की ओर रवाना किया गया। घटना के दौरान स्टेशन पर यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों के बीच भी काफी हलचल रही।