बुरहानपुर शहर के लालबाग थाना क्षेत्र में लोक सेवा केंद्र के सामने संचालित आधार सेंटर के संचालक शाहरुख अंसारी के खिलाफ एक महिला की शिकायत पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है। महिला ने आरोप लगाया कि आधार अपडेट कराने के दौरान अंगूठा लगाने के बहाने संचालक ने गलत नीयत से उसका हाथ पकड़ा। मामले की सूचना मिलने के बाद हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और आरोपी को पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, लालबाग थाना क्षेत्र स्थित आधार सेंटर पर महिलाओं और युवतियों के साथ कथित छेड़छाड़ को लेकर शिकायतें सामने आ रही थीं। इसी बीच हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं से बातचीत की। इस दौरान एक महिला ने सामने आकर संचालक के खिलाफ शिकायत की। महिला की शिकायत के अनुसार, आधार अपडेट कराने के दौरान अंगूठा लगाने के बहाने उसका हाथ गलत नीयत से पकड़ा गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने आरोपी संचालक को लालबाग पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया है।
ये भी पढ़ें- खेत की मेड़ को लेकर बिगड़ी बात तो युवक को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला, मां समेत चार घायल
अजीत परदेशी ने लगाए गंभीर आरोप
हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता अजीत परदेशी ने आरोप लगाया कि आधार सेंटर पर आने वाली महिलाओं और युवतियों को अंगूठा लगाने के बहाने हाथ पकड़ने तथा मोबाइल नंबर देने जैसी शिकायतें कई दिनों से मिल रही थीं। उन्होंने बताया कि महिला के सामने आने के बाद कार्यकर्ताओं ने मामले में हस्तक्षेप किया और पुलिस को सूचना दी। हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक योगेश सोनवने ने आरोप लगाया कि आधार सेंटर पर महिलाओं को गलत तरीके से छूने, मोबाइल नंबर देकर चैट करने और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो रखने जैसी शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने पुलिस और जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने क्या कहा?
लालबाग थाने के एएसआई अमित हनोतिया के अनुसार, महिला आधार अपडेट कराने सेंटर पर गई थी। शिकायत में बताया गया कि शाहरुख अंसारी ने अंगूठा लगाने के बहाने बुरी नीयत से उसका हाथ पकड़ा। महिला की शिकायत के आधार पर BNS की संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की गई है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।