अनूपपुर जिले के थाना जैतहरी अंतर्गत ग्राम मानिकपुर में गुरुवार सुबह कुएं से 45 वर्षीय अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान लल्लू कोल पिता बाबूलाल कोल निवासी सिराजू, थाना बुढार, जिला शहडोल के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी गोकुलानंद पाण्डेय के अनुसार लल्लू कोल के परिजन उसे 23 अगस्त को झाड़-फूंक कराने के लिए जैतहरी थाना क्षेत्र के पतुलखी गांव स्थित एक रिश्तेदार के घर लेकर आए थे। 24 अगस्त की सुबह वह बिना बताए घर से लापता हो गया। परिजनों द्वारा उसकी तलाश की जा रही थी। इस बीच 25 अगस्त को वह पतुलखी से करीब 10 किलोमीटर दूर मानिकपुर गांव में ग्रामीणों को दिखाई दिया। ग्रामीणों ने उसका वीडियो बनाकर गांव के अन्य लोगों को भेजा था।
ये भी पढ़ें- दमोह: 40 साल से सड़क का इंतजार, कीचड़ से निकलकर स्कूल जाने को मजबूर नौनिहाल, खाट पर अस्पताल पहुंचते हैं मरीज
वीडियो और परिजनों से पूछताछ के आधार पर लल्लू कोल के मानसिक रूप से विक्षिप्त होने की जानकारी सामने आई। गुरुवार सुबह उसका शव मानिकपुर गांव के एक कुएं में मिला। पुलिस के मुताबिक शव करीब एक दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पानी में रहने के कारण शव पूरी तरह फूल गया था। शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि रात के समय अंधेरे में अधेड़ कुएं में गिर गया होगा और डूबने से उसकी मौत हुई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और जांच शुरू कर दी है।