आठ साल पुराने एप्पल के एरिया मैनेजर विवेक तिवारी हत्याकांड में जिला जज कोर्ट ने गुरुवार को फैसला सुनाया। अदालत ने बर्खास्त सिपाही प्रशांत चौधरी को गैर इरादतन हत्या का दोषी करार दिया, जबकि दूसरे आरोपी सिपाही संदीप कुमार को साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया। दोषी प्रशांत की सजा पर अदालत 21 सितंबर को फैसला सुनाएगी। फैसले के बाद विवेक तिवारी की पत्नी कल्पना तिवारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने अदालत के फैसले को ‘घटिया’ बताते हुए कहा कि वह इसके खिलाफ ऊपरी अदालत में अपील करेंगी। कल्पना ने कहा कि उन्हें सुबह से ही कोर्ट के फैसले का इंतजार था। उम्मीद थी कि उन्हें न्याय मिलेगा, लेकिन फैसला उनके लिए अन्यायपूर्ण है।