विभूतिखंड क्षेत्र के विशेष खंड-2 स्थित विजयपुर अंडरपास के पास बैंक में रुपये जमा करने जा रहे एक कर्मचारी से लूट की वारदात हुई। चिनहट चौराहे की एक कांच की दुकान पर काम करने वाले गोमती प्रसाद 1.65 लाख रुपये लेकर बैंक जा रहे थे। इसी दौरान सिग्नल पर बाइक रुकने पर अपाचे मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया। बताया गया कि एक बदमाश बाइक से उतरकर गोमती प्रसाद से हाथापाई करने लगा, जिससे उनकी बाइक गिर गई। इसके बाद बदमाश ने चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और नकदी लूटकर फरार हो गया। घटना के बाद सड़क पर कुछ रुपये बिखरे मिले, जिनकी गिनती की जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बदमाश एक लाख रुपये से अधिक की नकदी लेकर भाग गए। वारदात के तुरंत बाद पीड़ित ने 112 पर कॉल की। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी और स्थानीय पुलिस अधिकारियों को घटना की सूचना दी गई।