गोलागंज के बारूदखाना में स्थित छह मंजिला अवैध एसए अपार्टमेंट को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा। पिलर टूटने के बाद छह मंजिला यह अपार्टमेंट कभी भी भरभराकर गिर सकता है। निर्माण की गुणवत्ता इतनी घटिया है कि इसमें शमन (कंपाउंडिंग) का विकल्प भी नहीं बचा है। ऐसे में अलीगंज अग्निकांड वाली इमारत की तर्ज पर एलडीए ने पूरी इमारत को ही गिराने का फैसला किया है। एलडीए ध्वस्तीकरण के लिए बिल्डर को नए सिरे से नोटिस जारी करेगा। एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि एसए अपार्टमेंट का नक्शा वर्ष 2009 में पास हुआ था परंतु इसकी निर्माण गुणवत्ता बेहद घटिया पाई गई है। इस कारण यह बिल्डिंग रहने के लिए सुरक्षित नहीं है। पहले जारी ध्वस्तीकरण आदेश केवल अवैध रूप से अपार्टमेंट की छत पर बनाए जा रहे पेंट हाउस के लिए था। अब पूरे अपार्टमेंट को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।