रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को लखनऊ छावनी को 101 करोड़ रुपये की 12 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान शहर के कई प्रमुख बाजारों के नए नामकरण किए गए, जिनमें वीरांगना ऊदा देवी, लोकमाता अहिल्याबाई होलकर और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बाजारों का नाम बदलना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि हमारी महान हस्तियों की याद दिलाने का प्रयास है। लखनऊ के तेज विकास, बेहतर जल आपूर्ति, शिक्षा, खेलकूद और बाढ़ नियंत्रण परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसका श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिया। उन्होंने कहा कि यूपी में आज कानून का राज है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का कद बढ़ता दिख रहा है।