प्रदेश में अब मानसून की विदाई की आहट साफ नजर आने लगी है। मंगलवार को ज्यादातर जिलों में मौसम साफ रहा और धूप खिली। हालांकि, कुछ स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी हुई, लेकिन इसका असर ज्यादा देर नहीं रहा। धूप निकलने के साथ दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई और ज्यादातर जिलों में पारा सामान्य के आसपास पहुंच गया। मौसम में बदलाव के साथ प्रदेश में धीमी पछुआ हवाएं चलने लगी हैं। पश्चिमी यूपी के सहारनपुर और गाजियाबाद में मंगलवार सुबह हल्के कोहरे की चादर भी नजर आई। इससे सुबह के समय हल्की ठंडक का अहसास हुआ। हालांकि दिन में धूप निकलने से मौसम सामान्य बना रहा।