फैजुल्लागंज के दाउदनगर में बाढ़ का पानी घटने लगा है, लेकिन लोगों की मुश्किलें अभी बरकरार हैं। घरों तक पहुंचने के लिए कहीं प्रशासन की नाव का सहारा लेना पड़ रहा है, तो कहीं लोग जुगाड़ की नाव से काम चला रहे हैं। पीने का पानी लेने के लिए भी लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। प्रशासन ने राहत शिविर और मोबाइल शौचालय की व्यवस्था की है, लेकिन जनजीवन सामान्य होने में अभी वक्त लगेगा। एडीएम पूर्वी महेंद्र पाल सिंह ने मंगलवार को नाव से क्षेत्र का निरीक्षण कर राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि करीब दो फीट पानी कम हुआ है। अगले तीन-चार दिन में सड़कों से पानी उतरने की उम्मीद है, लेकिन स्थिति पूरी तरह सामान्य होने में करीब 15 दिन लग सकते हैं। प्रशासन ने इसके लिए पहले से तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि पानी उतरने के बाद भी चुनौती कम नहीं होगी। क्षेत्र में सीवर लाइनें प्रभावित हैं, जिनकी सफाई करानी होगी। जलभराव के बाद संक्रामक रोग फैलने की आशंका को देखते हुए डीडीटी और ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव समेत जरूरी इंतजाम किए जाएंगे, ताकि लोगों को जल्द राहत देकर जनजीवन सामान्य किया जा सके।