मड़ियांव में आय प्रमाणपत्र बनवाने गई महिला से अभद्रता और उसके पति की पिटाई के मामले में पुलिस ने पार्षद रामू दास कनौजिया और उसके भाई का शांतिभंग में चालान किया है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बुधवार देर रात पीड़िता की तहरीर पर पार्षद, उसके भाई समेत चार लोगों के खिलाफ मारपीट और धमकी देने की एफआईआर दर्ज की गई थी। फैजुल्लागंज के विष्णु विहार कॉलोनी निवासी गीता बाजपेई के मुताबिक, चार नवंबर को दोपहर करीब एक बजे वह पति विजय बाजपेई के साथ फैजुल्लागंज वार्ड चार के पार्षद रामू दास कनौजिया के दाउदनगर स्थित कार्यालय पहुंची थीं। उन्हें राशन कार्ड बनवाने के लिए आय प्रमाणपत्र की जरूरत थी। आरोप है कि आधार कार्ड में दर्ज पते को लेकर पार्षद ने प्रमाणपत्र बनाने से मना कर दिया। कारण पूछने पर पार्षद ने उन्हें धक्का दिया और गालीगलौज करते हुए अभद्रता की। गीता के पति विजय ने इसका विरोध किया तो आरोप है कि पार्षद, उसके भाई और दो अन्य लोगों ने स्कूटी से जाते समय उन्हें रोक लिया। इसके बाद डंडे और चाबुक से पिटाई की। गीता पति को बचाने के लिए आरोपियों से माफी मांगती रहीं, लेकिन इसके बावजूद पिटाई जारी रही। एसीपी अलीगंज शशि प्रकाश मिश्रा ने बताया कि पार्षद रामू दास कनौजिया और उसके भाई का शांतिभंग में चालान किया गया है। पार्षद समेत चार लोगों के खिलाफ मारपीट की एफआईआर दर्ज है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।