स्थानीय निकाय निदेशालय में कर्मचारियों ने वरिष्ठ कर्मियों पर मैन्युअल टाइपराइटर से टंकण परीक्षा थोपने समेत कई मांगों को लेकर शुक्रवार को धरना-प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश फेडरेशन ऑफ मिनिस्टीरियल सर्विस एसोसिएशन्स के प्रांतीय अध्यक्ष संदीप कुमार पांडेय और निदेशालय मिनिस्टीरियल संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों ने निदेशालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रांतीय महामंत्री मंसूर अली ने आरोप लगाया कि वर्ष 1997 से कार्यरत और पदोन्नति पाकर वरिष्ठ पदों पर पहुंचे कर्मचारियों को भी पुरानी मैन्युअल टाइपराइटर से परीक्षा देने के आदेश दिए गए हैं।